होटल में छापेमारी कर एलएसडी, कोकीन समेत कई मादक पदार्थ बरामद; पुलिस आयुक्त ने दी जानकारी
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबगंज पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
अपर पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशन्स) सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनआरआई सिटी गेट के पास स्थित एक होटल में छापेमारी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फरदीन (निवासी जाजमऊ) और मोहित जायसवाल (निवासी फजलगंज, कानपुर नगर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 0.15 ग्राम एलएसडी, 5.49 ग्राम चरस, 23.47 ग्राम गांजा, 0.60 ग्राम हशीश, 1.19 ग्राम कोकीन के अलावा 5 क्रशर, 1 पैकेट स्मोकिंग फिल्टर, 4 पैकेट स्मोकिंग पेपर, 2 मोबाइल फोन और ₹49,200 नगद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में रघुबीर लाल ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


