
जनता के विरोध के बाद एफआईआर के निर्देश, नए पेड़ लगाने और जांच कराने की बात
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। 18 अप्रैल 2026 को मा० महापौर ने क्षेत्रीय पार्षद जितेन्द्र चौरसिया के साथ राजीव नगर, लाल बंगला क्षेत्र में बरगद का हरा पेड़ काटे जाने पर जनता के विरोध को देखते हुए मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने एफआईआर दर्ज कराने और नया पेड़ लगाए जाने के निर्देश दिए।
महापौर ने बताया कि यहां लगभग 50 साल पुराना बरगद का पेड़ था, जो धार्मिक रूप से पूजनीय है और महिलाएं इसकी पूजा करती हैं। जानकारी के अनुसार पेड़ की केवल छंटाई की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसे जड़ से काट दिया गया। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही।
साथ ही, बरगद के पास स्थित एक दुकान की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि वह अवैध पाई जाती है, तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि राजीव नगर, लाल बंगला में एक शोरूम के बाहर स्थित इस पेड़ को वन विभाग की अनुमति के बाद काटा गया था। पेड़ काटे जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सरकार के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।


