महिला वाहिनी, एसएसएफ व पीएसी के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। दिनांक 04.06.2026 को माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के समक्ष डीजी पीएसी/एसएसएफ आलोक सिंह द्वारा पीएसी एवं एसएसएफ की कार्यप्रणाली एवं योजनाओं के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
प्रस्तुति के दौरान महिला वाहिनी, सामान्य पीएसी वाहिनी एवं एसएसएफ वाहिनियों के निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की गई। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही पीएसी में प्रस्तावित ICCC (Integrated Command and Control Centre) की अवधारणा की सराहना करते हुए इसे शीघ्र औपचारिक रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पीएसी के आधुनिकीकरण के तहत वज्र वाहन क्रय, बैंड कर्मियों की भर्ती एवं पदोन्नति, तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने पर भी निर्देश प्रदान किए गए।
साथ ही पीएसी, एसडीआरएफ एवं एसएसएफ को नवीनतम तकनीक से सुसज्जित करने, रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करने, फील्ड ड्यूटी हेतु आधुनिक टेंट उपलब्ध कराने, भोजन की गुणवत्ता सुधारने तथा मोबाइल टॉयलेट जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।


