अभिलेखों के रख-रखाव, स्वच्छता एवं कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मलिक द्वारा थाना बिंदकी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, बैरक, पुलिस आवास, विवेचना कक्ष, CCTNS कार्यालय, शस्त्रागार, भोजनालय, मिशन शक्ति कक्ष, मालखाना, हवालात एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा थाना परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए।
उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं सतर्कता के साथ करने के निर्देश भी दिए गए।


