
रिजर्व पुलिस लाइन्स पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत चल रही दस्तावेज सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने भर्ती प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न हो।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने भर्ती कार्य में लगे अधिकारियों से कहा कि अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक ने भर्ती व्यवस्था में लगे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।


