होली में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी: CM योगी

- अनुराधा सिंह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली, रमजान, ईद समेत आगामी पर्वों और बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए पुलिस-प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई की जाए जो नजीर बने।
शनिवार देर शाम राजधानी लखनऊ में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ की एक भी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
संवेदनशील समय बताते हुए दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में होली के साथ नवरोज, ईद और वासंतिक नवरात्र जैसे पर्व हैं, वहीं बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं, इसलिए यह समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। उन्होंने पिछले पांच वर्षों की घटनाओं की समीक्षा कर प्रभावी प्रबंध करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, शोभायात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
थाना स्तर पर बैठकों पर जोर
सीएम ने निर्देश दिए कि थानास्तर पर होलिका दहन समितियों और पीस कमेटियों की बैठकें अनिवार्य रूप से कराई जाएं, ताकि पर्व आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हों। उन्होंने कहा कि होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर ही हो और होली के अवसर पर कहीं भी अभद्र गीत-संगीत न बजने पाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी समुदाय या व्यक्ति को आहत करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लाउडस्पीकर और सोशल मीडिया पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकर हटाने के निर्देश देते हुए ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण की बात कही। साथ ही लोकल इंटेलिजेंस मजबूत करने और सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने फेक अकाउंट्स पर विशेष नजर रखने और अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं का त्वरित खंडन करने के निर्देश भी दिए, ताकि समय रहते स्थिति नियंत्रित की जा सके।
होली पर अतिरिक्त बसें चलेंगी
होली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल फिटनेस मानकों पर खरी बसें ही सड़क पर उतारी जाएं और निजी ऑपरेटरों द्वारा मनमाना किराया वसूलने पर सख्त कार्रवाई हो। अधिकारियों को फील्ड में उतरकर व्यवस्थाएं देखने को कहा गया है।
निर्बाध बिजली-पानी और स्वास्थ्य सेवाओं के निर्देश
सीएम योगी ने ऊर्जा विभाग को मार्च माह में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और रोस्टरिंग न करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल उपलब्धता, ग्रामीण-नगरीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं बनाए रखने और निराश्रित गोवंश संरक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रदेश में कहीं भी जहरीली या अवैध शराब का निर्माण या बिक्री न होने पाए।
जनसुनवाई प्रणाली की समीक्षा
बैठक में जनसुनवाई समाधान प्रणाली की जनवरी 2026 की रैंकिंग की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की सराहना की, जबकि अपेक्षित प्रदर्शन न करने वाली इकाइयों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को और पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने तथा प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



