
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र, चेक और चाबियां
- अखिलेश कुमार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को संगम नगरी प्रयागराज के काली घाट स्थित प्रेरणा पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने देश की तीन महान विभूतियों—डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी तथा अशोक सिंघल की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और प्रदेश सरकार शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विरासत को भी सहेजने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चेक, आवास की चाबियां तथा सफाई किट वितरित कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने प्रयागराजवासियों को नई सौगात मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


