
विद्या कोचिंग सेंटर और सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की संयुक्त पहल, कॉपी-पेंसिल, स्टेशनरी और चॉकलेट वितरित कर बढ़ाया बच्चों का उत्साह
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। विद्या कोचिंग सेंटर एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को भावना दिव्यांग विद्यालय में विशेष सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के दिव्यांग बच्चों को कॉपी, बॉक्स, पेंसिल, कटर, रबर तथा चॉकलेट्स सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। आवश्यक सामग्री और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में विद्या कोचिंग सेंटर की ओर से सतनाम कौर और कंवलजीत सिंह तथा सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से गुरमीत सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रबंधक भावना श्रीवास्तव ने दोनों संस्थाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और उनके जीवन में खुशियां लाने का प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और समाज में सेवा की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल अंजना सिंह, माधुरी श्रीवास्तव, पूजा बाजपेई, रत्ना, स्वाति सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोगात्मक कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।


