भाजपा की तैयारी, 13 सितम्बर को होगी “एक राष्ट्र एक चुनाव” मैराथन दौड़

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी ने “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक विशाल मैराथन दौड़ आयोजित करने का निर्णय लिया है। आगामी 13 सितम्बर को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है।
नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित तैयारी बैठक में दौड़ की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की जबकि संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष एवं अभियान के जिला प्रमुख दीपू पांडे ने किया।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं को मिशन मोड में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कम से कम 15,000 प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए हर मंडल स्तर पर अगले दो दिनों में बैठकें आयोजित हों और अधिक से अधिक आमजन को दौड़ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाए।

इस भव्य आयोजन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। साथ ही सांसदों और विधायकों के साथ अलग-अलग समन्वय बैठकें करने का निर्णय भी लिया गया है।
बैठक में राम किशोर साहू (कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र संयोजक), वीरेंद्र तिवारी (सह संयोजक), विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सुरेश अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा का कहना है कि “एक राष्ट्र एक चुनाव” न केवल संसाधनों की बचत करेगा बल्कि लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। इसी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम यह मैराथन दौड़ बनेगी।



