
12 लाख शिक्षकों व कर्मचारियों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी से भेजी गई ₹1,200 की राशि
- रोशनी सिंह
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं उनके आश्रितों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से प्रति विद्यार्थी ₹1,200 की धनराशि हस्तांतरित की। यह राशि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से प्रदान की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही प्रदेश के 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सशक्त शिक्षक और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण ही विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव हैं।


