12 गंभीर मुकदमों में था वांछित, पुलिस कार्रवाई के बाद बदला नजर आया अंदाज; अपराध छोड़ने की अपील करता दिखा आरोपी
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। चकेरी थाना क्षेत्र के बिच्छू गैंग के सरगना और हिस्ट्रीशीटर गौरव जैन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हत्या के प्रयास समेत 12 गंभीर मुकदमों में वांछित चल रहे गौरव जैन का मंगलवार को पुलिस ने लालबंगला क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। जिस इलाके में कभी उसका दबदबा बताया जाता था, वहीं वह पुलिस सुरक्षा के बीच हाथ जोड़कर लोगों से अपराध छोड़ने की बात करता नजर आया।
पुलिस के अनुसार, हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहा गौरव जैन सोमवार रात कांशीराम कॉलोनी से मथुरापुर रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के बाद मंगलवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गौरव जैन का करीब तीन किलोमीटर लंबा पैदल जुलूस निकाला। पैर में चोट के कारण वह लंगड़ाते हुए पुलिसकर्मियों के साथ चलता रहा। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और लोगों ने अपने घरों व दुकानों से पूरी कार्रवाई को देखा।
पुलिस जब आरोपी को उन क्षेत्रों से लेकर गुजरी जहां कभी उसका भय बताया जाता था, तो उसका बदला हुआ व्यवहार दिखाई दिया। गौरव जैन ने लोगों के सामने हाथ जोड़कर अपराध से दूर रहने की बात कही। पुलिस ने इस दौरान मुठभेड़ स्थल और अन्य संबंधित स्थानों का भी सत्यापन कराया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गौरव जैन के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


