NEWSUttar Pradesh

यूपी में तीन एडीजी होंगे डीजी, DGP राजीव कृष्ण कर सकते हैं बड़े फेरबदल

  • अनुराधा सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। तीन डीजी स्तर के अधिकारियों के रिटायर होने के बाद अब तीन एडीजी रैंक के अफसरों को डीजी पद पर प्रमोशन मिलने की तैयारी है। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया के बाद कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव हो सकता है।

शनिवार को डीजी स्तर के अधिकारी संदीप सालुंके, एमके बशाल और दिपेश जुनेजा सेवानिवृत्त हो गए। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने डीजीपी मुख्यालय में आयोजित समारोह में तीनों अधिकारियों को विदाई दी।

विदाई समारोह में हुआ सम्मान

डीजीपी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तीनों सेवानिवृत्त डीजी के कार्यकाल और उपलब्धियों की सराहना की गई। इस मौके पर वीआरएस ले चुके एडीजी के. सत्यनारायणा को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही डीआईजी बिकास कुमार वैद्य और पांच पुलिस उपाधीक्षक भी सेवानिवृत्त हुए।

इन एडीजी को मिल सकता है प्रमोशन

वरिष्ठता क्रम के अनुसार 1994 बैच के आईपीएस प्रकाश डी., एलवी एंटनी देव कुमार और जय नारायण सिंह को डीजी पद पर पदोन्नति मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

  • प्रकाश डी. वर्तमान में एडीजी रेलवे हैं
  • एलवी एंटनी देव कुमार एडीजी रूल्स एंड मैनुअल पद पर तैनात हैं
  • जय नारायण सिंह एडीजी पावर कॉरपोरेशन के पद पर कार्यरत हैं

वरिष्ठता सूची में बदलाव

तीन डीजी के रिटायर होने के बाद रेणुका मिश्रा वरिष्ठता सूची में शीर्ष पर आ गई हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रमोशन के बाद पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर तबादले और जिम्मेदारियों में फेरबदल संभव है।

सेवानिवृत्त अधिकारियों का संक्षिप्त परिचय

  • संदीप सालुंके (1990 बैच): महाराष्ट्र के नासिक में जन्म। 2021 में डीजी बने और मानवाधिकार आयोग में तैनात रहे।
  • दिपेश जुनेजा (1992 बैच): मूल रूप से देहरादून निवासी। 2025 में डीजी पद पर प्रोन्नत, अभियोजन विभाग में कार्यरत रहे।
  • एमके बशाल (1990 बैच): दिल्ली में जन्म। 2023 में डीजी बने, हाल में डीजी होमगार्ड पद पर तैनात थे।

पुलिस मुख्यालय स्तर पर होने वाले इन संभावित बदलावों पर पूरे महकमे की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button