सीएसए विश्वविद्यालय में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, ऊर्जा और उल्लास के साथ किया गया। विश्वविद्यालय के मुख्य प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के नेतृत्व में लगभग 1170 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और एकता का संदेश दिया।
प्रातःकाल से ही विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन एकत्रित होने लगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने भुजंगासन, मयूरासन, सिंहासन, शलभासन, उष्ट्रासन, तितली आसन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।
योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योगासनों की सही विधि एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया, जिससे पूरे परिसर में सकारात्मक और ऊर्जावान वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक राहुल यदुवंशी के नेतृत्व में तान्या तिवारी, विभा त्रिपाठी एवं रक्षा चतुर्वेदी सहित प्रशिक्षकों ने योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योग के ऐतिहासिक क्षणों को कैमरों के माध्यम से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर सहेजा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप और तनाव जैसी कई बीमारियों से बचाव संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए, क्योंकि यह स्वस्थ और सुखी जीवन का आधार है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय लगातार विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बीच योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
इस अवसर पर अनंत फाउंडेशन के अध्यक्ष अनमोल तिवारी ने कुलपति को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उपस्थित प्रतिभागियों को मट्ठा वितरित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।


