- नेहा पाठक
नई दिल्ली| आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के भीतर मतभेद लंबे समय से चल रहे थे, जो अब खुलकर सामने आते नजर आ रहे हैं। खबर यह भी है कि राज्यसभा में AAP के कुछ अन्य सांसद भी अलग राह चुनने की तैयारी में हैं।
बताया जा रहा है कि इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक पार्टी को मजबूत करने के लिए काम किया, लेकिन अब पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है। उन्होंने संकेत दिए कि वे अब “जनता के बीच रहकर काम करना” चाहते हैं।
अन्य नेताओं के भी अलग होने की चर्चा
इसी बीच संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह सहित कुछ अन्य नाम भी चर्चा में हैं, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे पार्टी से दूरी बना सकते हैं। हालांकि, इन खबरों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पार्टी में पहले भी दिखे मतभेद
गौरतलब है कि 2 अप्रैल को AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया था। इस फैसले के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।
नवजोत कौर सिद्धू का बयान चर्चा में
इस पूरे घटनाक्रम के बीच नवजोत कौर सिद्धू का बयान भी सुर्खियों में है। उन्होंने चड्ढा को लेकर पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए, जिससे राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।


