NEWSUttar Pradesh

राज्यस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में DGP ने दिए सख्त निर्देश, जनशिकायतों और सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी की समीक्षा

  • पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यक्ष ऐप का प्रभावी उपयोग अपराध नियंत्रण और अपराध-मुक्त समाज की दिशा में एक सशक्त ब्लूप्रिंट तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।
  • अनुराधा सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने राज्य के सभी जनपदीय प्रभारियों के साथ ऑनलाइन माध्यम से राज्यस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, विवेचनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्धता, ज़ीरो फ़ैटलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान, यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग तथा ई-साक्ष्य की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि प्रदेश में सतत निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग के चलते जनशिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। सम्भल, फिरोजाबाद और इटावा जिलों में जनशिकायतों में लगभग 70 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के मामले में केंद्रीय रैंकिंग में उत्तर प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

बैठक में यह भी बताया गया कि ज़ीरो फ़ैटलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आई है। विशेष रूप से जनपद श्रावस्ती में सड़क हादसों में करीब 83 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है, जिसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सतर्कता, जवाबदेही और प्रभावी कार्यप्रणाली के साथ पुलिसिंग के हर क्षेत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button