रामनवमी को लेकर महोबा प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की शांति समिति की बैठक

जुलूस मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था व निगरानी पर हुई विस्तृत समीक्षा, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश
- राकेश कुमार गुप्ता
महोबा। रामनवमी के पावन पर्व को लेकर पुलिस व प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र एवं जुलूस मार्गों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे रामनवमी का पर्व शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें, जिससे त्योहार सकुशल संपन्न हो सके।



