कानपुर में राज्यपाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य और कल्याण योजनाओं का लाभार्थियों को सम्मानित करने वाला कार्यक्रम सम्पन्न

- मनीष कुमार
कानपुर नगर। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें टी0बी0 मुक्त अभियान, आंगनबाड़ी सशक्तिकरण, सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण सहित अन्य लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित और सम्मानित किया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री जी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने गरीबों की सेवा के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों जैसे हृदय रोग, कैंसर और ट्यूमर के इलाज में आर्थिक सहायता दी जा रही है।

इस अवसर पर नई योजना “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” की भी शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। राज्यपाल ने सभी से स्वास्थ्य परीक्षण कराने का आग्रह किया और विशेष रूप से महिलाओं को इन शिविरों में भाग लेने और अपनी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के महत्व पर जोर देते हुए 9 से 14 वर्ष की बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने की सलाह दी। समारोह में इस दिशा में कदम उठाते हुए दस किशोरियों को मंच पर प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
राज्यपाल के नेतृत्व में आज कुल 410 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई, जिसमें 300 छात्राओं को जिला प्रशासन और 110 छात्राओं को विश्वविद्यालय के माध्यम से वैक्सीन प्रदान की गई।
साथ ही, नून नदी के जीर्णोद्धार में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच महिलाओं को सम्मानित किया गया। कानपुर नगर के 300 और कानपुर देहात के 200 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल किट और मेडिकल किट वितरित की गई। टी0बी0 मुक्त अभियान के तहत 750 मरीजों को पोषण पोटली दी गई, वहीं स्वामी विवेकानंद योजना के अंतर्गत 700 छात्राओं को टैबलेट प्रदान की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह और सीडीओ दीक्षा जैन को सफल आयोजन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने राज्यपाल को ओडीओपी उत्पाद (लेदर पर कार्विंग) और स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार खान-पान किट भेंट की।
समारोह में आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने फैशन शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, साथ ही नून नदी के जीर्णोद्धार पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।



