दानवीर भामाशाह जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पांच श्रेणियों के टॉप करदाताओं को किया गया सम्मानित
- नरेश राठौर
झांसी। दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर “व्यापारी कल्याण दिवस-2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद झांसी की पांच विभिन्न श्रेणियों के शीर्ष 10 करदाताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद एवं निवर्तमान महापौर ने प्रतिभाग करते हुए सभी सम्मानित करदाताओं को शुभकामनाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी एवं उद्यमी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और करदाताओं का योगदान विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं को गति प्रदान करता है। इस अवसर पर सभी व्यापारियों एवं उद्यमियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दानवीर भामाशाह जयंती को “व्यापारी कल्याण दिवस” के रूप में मनाए जाने के निर्णय के लिए आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में एमएलसी रमा निरंजन, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, एडिशनल कमिश्नर जीएसटी डी.के. सचान, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी शैलेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अलावा बृज बिहारी सोनी, संजय पटवारी, मनमोहन गेड़ा, सीए जयंत मणि जैन, सीए रचित अग्रवाल, संतोष साहू, मुकेश अग्रवाल, आदर्श गुप्ता, अशोक अग्रवाल, जय किशन प्रेमानी, अंकित राय, राहुल मिश्रा तथा दिलीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राज्य कर विभाग झांसी की टीम को बधाई देते हुए कहा गया कि इस प्रकार के आयोजन करदाताओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ व्यापारिक समुदाय के सम्मान और उत्साहवर्धन का भी कार्य करते हैं।


