महिला मुख्य आरक्षी प्रशिक्षणार्थियों को योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का दिया गया संदेश
- आशा चौधरी
गाज़ियाबाद। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर सेनानायक 41वीं वाहिनी पीएसी गाज़ियाबाद के कुशल निर्देशन में वाहिनी परिसर में महिला मुख्य आरक्षी प्रशिक्षणार्थियों के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में योग आचार्य द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा शरीर को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रशिक्षणार्थियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। योग के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक रूप से सुदृढ़ होने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी संतुलित और सकारात्मक बना रहता है। शिविर में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के महत्व को आत्मसात किया।


