सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने जवानों से किया संवाद, ड्यूटी में निष्ठा, सतर्कता और उत्कृष्ट कार्यशैली अपनाने का आह्वान
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। 37वीं वाहिनी पीएसी कानपुर नगर में शुक्रवार को सेनानायक बी.बी. चौरसिया (आईपीएस) की अध्यक्षता में वाहिनी के मनोरंजन कक्ष में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ पीएसी गान के साथ हुआ, जिसके बाद सेनानायक ने उपस्थित दलनायकों, प्रभारी दलनायकों तथा जवानों से संवाद स्थापित कर उनकी व्यक्तिगत, विभागीय एवं सामूहिक समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने सभी जवानों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सतर्कता और अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जवान को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करना चाहिए, जिससे वाहिनी की गरिमा और अनुशासन अक्षुण्ण बना रहे। उन्होंने जवानों से ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं को समय रहते अधिकारियों के संज्ञान में लाने का भी आह्वान किया।
सेनानायक ने जवानों को उत्कृष्ट टर्नआउट बनाए रखने, अनुशासन का कड़ाई से पालन करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों और निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुशासित और सुदृढ़ बल ही किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है।

सम्मेलन के दौरान वाहिनी चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता ने वर्तमान मौसम को देखते हुए जवानों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के नियमित उपयोग, बैरकों और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा धूम्रपान जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही भीषण गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।
इसके बाद जोनल मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें कानपुर जोन में तैनात विभिन्न पीएसी दलों के दलनायक एवं पोस्ट प्रभारी शामिल हुए। सेनानायक ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके व्यवस्थापन स्थलों पर आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
सम्मेलन में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से भी संवाद किया गया। सेनानायक ने प्रशिक्षण की प्रगति, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने, अनुशासन और परिश्रम के साथ स्वयं को एक कुशल एवं उत्कृष्ट पुलिसकर्मी के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वाहिनी चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, शिविरपाल चंद्रेश्वर, आरटीसी प्रभारी दलनायक मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र चौधरी, हेड क्लर्क विनीत त्रिपाठी, प्रभारी गोपनीय कार्यालय अलख मिश्रा सहित वाहिनी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य जवानों की समस्याओं का समाधान, कार्यकुशलता में वृद्धि तथा संगठनात्मक अनुशासन को और अधिक मजबूत बनाना रहा।


