72 घंटे की ड्यूटी के बाद झांसी पुलिस लाइन में रंगों की धूम, अफसर-जवान डीजे पर झूमे

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होलिका दहन से लेकर रंगों की होली तक शहर और देहात में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने लगातार 72 घंटे तक ड्यूटी की। परंपरा के अनुसार, पुलिसकर्मी अगले दिन पुलिस लाइन में सामूहिक रूप से होली उत्सव मनाते हैं।
- पूजा परिहार / अमन कुमार
झांसी। होली पर्व पर लगातार 72 घंटे की कड़ी ड्यूटी निभाने के बाद झांसी पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने गुरुवार को पुलिस लाइन में उत्साह के साथ रंगोत्सव मनाया। रंग-गुलाल से सराबोर पुलिसकर्मी डीजे पर बजते होली गीतों पर जमकर थिरकते नजर आए।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने सभी को होली की शुभकामनाएं देकर की। इसके बाद अफसरों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी।
होली गीतों पर झूमे पुलिसकर्मी
समारोह के दौरान “मुझको राणा जी माफ करना” और “सपने में मिलती है ओ कुड़ी…” जैसे लोकप्रिय गीतों पर पुलिसकर्मी जमकर नाचे। एसएसपी भी कुर्ता-पायजामा पहनकर उत्सव में शामिल हुए। साथियों ने उन्हें कंधों पर उठाकर डांस कराया। कुछ स्थानों पर पारंपरिक अंदाज में कीचड़ होली भी खेली गई और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से रंग व पानी की बौछार कर माहौल को और रंगीन बना दिया गया।

शांतिपूर्ण होली पर दी बधाई
एसएसपी ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और गिले-शिकवे भुलाने का पर्व है। उन्होंने जनपद में शांतिपूर्ण तरीके से होली संपन्न कराने में पुलिसकर्मियों की भूमिका की सराहना की और आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में उत्साह और अनुशासन का संतुलित संगम देखने को मिला।



