NEWSUttar Pradesh

आचार्य नरेन्द्र देव की पुण्यतिथि पर सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। प्रख्यात समाजवादी चिंतक आचार्य नरेन्द्र देव की 70वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को गोमती तट स्थित मोती महल के पीछे उनकी समाधि पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आचार्य जी के नेतृत्व में ही देश में समाजवादी आंदोलन की शुरुआत हुई थी। वे प्रमुख शिक्षाविद, अनेक भाषाओं के विद्वान, बौद्ध दर्शन के गंभीर अध्येता और राजनीति में अजातशत्रु थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके आदर्शों और मार्ग पर चलने के लिए संकल्पित है। आचार्य नरेन्द्र देव का जीवन सादगी, शुचिता और राष्ट्र सेवा का प्रतीक रहा।

अखिलेश यादव के अनुसार समाजवादी आंदोलन के मुख्य सिद्धांतकार के रूप में आचार्य जी ने समाजवाद की स्पष्ट व्याख्या की और किसान-मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। काशी विद्यापीठ में आचार्य तथा बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में उन्होंने शिक्षा और समाजवाद को समर्पित जीवन जिया। देश सेवा के दौरान वे कई बार जेल भी गए। वे भारतीय संविधान में आस्था रखते थे और धर्मनिरपेक्ष व लोकतांत्रिक समाजवादी व्यवस्था के समर्थक थे।

कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर आचार्य जी के परिवार के सदस्य—यशोवर्धन, मीरावर्धन, देवक वर्धन, प्रियांशी अग्रवाल और देविका वर्धन—भी उपस्थित रहे। मोती महल ट्रस्ट के महामंत्री राजेश सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, डॉ. फिदा हुसैन तथा सपा महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button