12 साल से फरार 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, पुलिस को बड़ी सफलता

लूट की कई वारदातों में था शामिल, नेपाल तक छिपकर बचता रहा गिरफ्तारी से
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर गैंगस्टर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सद्दाम को पुलिस टीम ने 19 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सद्दाम वर्ष 2013 में कानपुर नगर में हुई लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा था। घटनाओं के खुलासे के बाद वर्ष 2014 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। पिछले 12-13 वर्षों से आरोपी लगातार पुलिस से बचता आ रहा था।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन महराजगंज, सोनौली और नेपाल क्षेत्र में मिलने की जानकारी सामने आई थी।

हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी कानपुर नगर आया हुआ है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फरारी के दौरान वह विभिन्न मेलों में दुकान लगाकर अपनी पहचान छिपाता रहा। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्य जुटाकर उसके अन्य साथियों और गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



