लखनऊ में अखिलेश यादव ने दी ईद की मुबारकबाद, भाईचारे और एकता का दिया संदेश


ऐशबाग ईदगाह में नमाज के बाद जनसमूह को किया संबोधित, भाजपा पर साधा निशाना
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में ईद की नमाज के बाद एकत्र मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से गले मिलकर त्योहार की बधाई दी और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया।
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि ईद खुशियों का त्योहार है, जो लोगों को एक-दूसरे के करीब लाता है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले सभी ने मिलकर होली का त्योहार मनाया और अब ईद के मौके पर भी लोग मिलजुल कर खुशियां साझा कर रहे हैं। यही भारत की गंगा-जमुनी तहजीब है, जो देश को मजबूत बनाती है।
उन्होंने कहा कि देश में सभी धर्मों और जातियों के लोग एक साथ त्योहार मनाते हैं, जिससे समाज में सौहार्द और एकता बनी रहती है। साथ ही उन्होंने विश्व में चल रहे संघर्षों के समाप्त होने और खुशहाली आने की कामना की।

ईदगाह में मौजूद लोगों ने अखिलेश यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए।
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने धार्मिक नेताओं के सम्मान, गंगा सफाई, कानून-व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक मामलों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
इसके साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर भी बयान देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के समर्थन से बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों के साथ मिलकर आगे बढ़ने की बात भी कही।
उन्होंने देश और प्रदेश में शांति, सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने पर जोर देते हुए लोगों से सजग रहने की अपील की।


