NEWSUttar Pradesh

“टीबी हारेगा – हम जीतेंगे”: ग्रेटर नोएडा में ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान को नई रफ्तार

  • आशा चौधरी

गौतमबुद्ध नगर। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम के तहत कई महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस दौरान ‘टीबी मुक्त भारत ऐप’ और ‘टीबी मुक्त शहरी वार्ड पहल (2026)’ का शुभारंभ किया गया। इन पहलों का उद्देश्य टीबी के मामलों का शीघ्र पता लगाना, उपचार को आसान बनाना और देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को तेजी देना है।

‘टीबी मुक्त भारत ऐप’ के माध्यम से मरीजों का पंजीकरण, उपचार की प्रगति और निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाली सहायता (DBT) की निगरानी की जाएगी। वहीं ‘टीबी मुक्त शहरी वार्ड पहल’ के तहत स्वास्थ्यकर्मी घनी आबादी वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगे, जिससे समय रहते मरीजों की पहचान हो सके।

आधुनिक तकनीकों जैसे TrueNat और CB-NAAT के उपयोग से टीबी की जांच को तेज और सटीक बनाया जाएगा, जिससे मरीजों का उपचार समय पर शुरू किया जा सके। साथ ही ‘निक्षय मित्र’ पहल के जरिए मरीजों को पोषण, सामुदायिक सहयोग और मानसिक संबल भी प्रदान किया जाएगा।

इसी क्रम में टीबी जांच के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल मेडिकल यूनिट (टीबी मोबाइल वैन) को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन दूरस्थ, ग्रामीण और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जाकर डिजिटल एक्स-रे और जीनएक्सपर्ट मशीनों के जरिए मौके पर ही जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने “जन-जन का रखे ध्यान – टीबी मुक्त भारत अभियान” का संदेश देते हुए लोगों से जागरूकता और सहयोग की अपील की।

Related Articles

Back to top button