HomeNEWSभाजपा सरकार अलोकतांत्रिक और अमानवीय: अखिलेश यादव

भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक और अमानवीय: अखिलेश यादव

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कानून-व्यवस्था, किसान, स्वास्थ्य और बिजली मुद्दों पर सरकार पर साधा निशाना

अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे अलोकतांत्रिक और अमानवीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और कई मामलों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने गाजीपुर, हाथरस और हरदोई समेत कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बेटियों के साथ हुई घटनाओं में न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पीड़ित परिवारों को अंतिम संस्कार तक करने से रोका गया, जो मानवीय और धार्मिक दृष्टि से भी गलत है।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि गाजीपुर में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को टारगेट किया जा रहा है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने मेरठ, बिजनौर और अन्य जिलों में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि पीडीए को न्याय दिलाने और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए समाजवादियों को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और भूमाफिया सक्रिय हैं, खासकर लखनऊ में योजनाओं से पहले जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है।

ग्रीन कॉरिडोर परियोजना पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस पर हजारों करोड़ खर्च होने के बावजूद ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है और इसकी डिजाइन पर भी सवाल खड़े किए।

बिजली व्यवस्था को लेकर उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना में गड़बड़ी का आरोप लगाया और कहा कि इससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं और मरीजों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि गेहूं की खरीद सही तरीके से नहीं हो रही है और किसानों को बिचौलियों के माध्यम से अपनी उपज बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे बड़ी कंपनियां फायदा उठा रही हैं।

आग की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जमीन खाली कराने के लिए साजिशन आग लगवाने की बातें सामने आ रही हैं और राहत कार्य समय पर नहीं पहुंचता।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को न्याय देने में विफल रही है और इस विषय पर भ्रामक प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण के साथ-साथ सुरक्षा और संरक्षण की भी जरूरत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments