प्रमुख चौराहों का दौरा कर दिए सख्त निर्देश, ऑटो-ई-रिक्शा चालकों को नियमों के पालन की हिदायत
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवीन्द्र कुमार ने प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राकेट तिराहा, नरौना चौराहा, चुनीगंज चौराहा और हर्ष नगर चौराहा का भौतिक जायजा लिया गया। इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने विशेष रूप से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित रूट पर ही संचालन करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने मौके पर स्वयं वाहनों की जांच कर नियमों के अनुपालन की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, सड़कों पर अनावश्यक रुकावट न उत्पन्न करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण रखने और यातायात संकेतों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए।


