HomeNEWSIAS रिंकू सिंह राही ने वापस लिया इस्तीफा, जल्द मिल सकती है...

IAS रिंकू सिंह राही ने वापस लिया इस्तीफा, जल्द मिल सकती है नई तैनाती

काम न मिलने से नाराज होकर दिया था इस्तीफा, अब गोपनीय तरीके से हुई वापसी

  • सौरभ शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है, जिसके बाद अब उनकी जल्द तैनाती की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा वापसी की पूरी प्रक्रिया बेहद गोपनीय तरीके से पूरी की गई है। इस मामले पर फिलहाल रिंकू सिंह राही ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिससे कयासों का दौर जारी है।

बताया जा रहा है कि उच्च स्तर से मंजूरी मिलने के बाद उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

गौरतलब है कि रिंकू सिंह राही ने 26 मार्च 2026 को राष्ट्रपति और उत्तर प्रदेश के नियुक्ति विभाग को अपना इस्तीफा भेजा था। उन्होंने इस्तीफे में काम न मिलने को मुख्य कारण बताया था और “काम नहीं तो वेतन नहीं” जैसी बात कही थी।

उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी के पद पर वापस भेजने की भी मांग की थी। उनका इस्तीफा सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए थे।

इस पूरे विवाद के दौरान उन्होंने कहा था कि यदि किसी अधिकारी को काम ही न मिले तो उस पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि उनका वेतन जनता के पैसे से आता है।

अब इस्तीफा वापस लेने के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें नई जिम्मेदारी देकर सक्रिय प्रशासनिक भूमिका में लाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments