HomeNEWSगंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, 594 किमी लंबा कॉरिडोर यूपी की कनेक्टिविटी को...

गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, 594 किमी लंबा कॉरिडोर यूपी की कनेक्टिविटी को देगा नई रफ्तार

नरेंद्र मोदी ने हरदोई में किया उद्घाटन, योगी आदित्यनाथ ने किसानों के योगदान को सराहा; 12 जिलों को जोड़ेगा मेगा प्रोजेक्ट

  • सौरभ शुक्ला

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

यह एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों—मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज—को जोड़ेगा। छह लेन वाला यह एक्सप्रेस-वे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा और इस पर 120 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से वाहन चल सकेंगे। इससे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा समय में कमी आएगी और यातायात सुगम होगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस इस एक्सप्रेस-वे पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, एम्बुलेंस और पेट्रोलिंग यूनिट की व्यवस्था की गई है। साथ ही शाहजहांपुर के पास 3.2 किमी लंबी हवाई पट्टी भी बनाई गई है, जहां आपात स्थिति में भारतीय वायुसेना के विमान उतर सकेंगे।

सरकार के अनुसार, यह परियोजना औद्योगिक निवेश, लॉजिस्टिक्स, कृषि विपणन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगी। एक्सप्रेस-वे के किनारे वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग यूनिट जैसे औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस परियोजना के लिए 12 जिलों के एक लाख से अधिक किसानों ने भूमि उपलब्ध कराई है। उन्होंने किसानों के योगदान की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के विकास की “जीवनरेखा” बताया।

गौरतलब है कि इस परियोजना की आधारशिला दिसंबर 2021 में रखी गई थी और तय समय में इसका निर्माण पूरा किया गया। यह एक्सप्रेस-वे पूर्वांचल, आगरा-लखनऊ, बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से भी जुड़कर प्रदेश में एक मजबूत सड़क नेटवर्क तैयार करेगा।

सरकार का मानना है कि गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments