HomeNEWSविश्व रेडक्रॉस दिवस पर अम्बेडकरनगर में रक्तदान शिविर का आयोजन, 12 लोगों...

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर अम्बेडकरनगर में रक्तदान शिविर का आयोजन, 12 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एवं आरम्भ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ मानव सेवा का आयोजन

  • अमित कुमार

अम्बेडकरनगर। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा-अम्बेडकरनगर द्वारा आरम्भ फाउंडेशन के संयोजन में संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया (आईएएस), मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है और यह समाज में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम की संयोजक एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की चेयरमैन तथा आरम्भ फाउंडेशन की अध्यक्ष संध्या सिंह ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की।

रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि शिविर में सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया तथा उन्हें प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

शिविर में कुल 15 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 12 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इनमें हिमांशु सिंह, उमेश कुमार पांडेय, पवन सोनी, गौरव, हरिगोविंद, कमर जहां, संदीप यादव, रामधारी, निखिल मोदनवाल, दुर्गेश कुमार, सोनी गुप्ता एवं इंदु शामिल रहे।

कार्यक्रम में पुष्पा पाल, बिपिन दुबे, बरकत अली, ओम प्रकाश, रामनाथ, नीलम, संघमित्रा, खुशियाल सहित रेडक्रॉस सोसाइटी एवं आरम्भ फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य, ब्लड बैंक टीम एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद के जीवन में नई आशा और नई मुस्कान लेकर आता है।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments