
अत्याधुनिक तकनीक और बैंकिंग संस्थानों के समन्वय से साइबर ठगी पर लगेगी लगाम, पीड़ितों की धनराशि बचाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश पुलिस की महत्वपूर्ण पहल
- सौरभ शुक्ला
लखनऊ। साइबर वित्तीय अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों की धनराशि को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार सशक्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में लखनऊ के कल्ली पश्चिम स्थित पुलिस लाइन परिसर में 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन के अत्याधुनिक “स्टैंडअलोन 2.0” केंद्र का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने किया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम बी.के. सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार ने “साइबर फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर (सीएफएमसी)” का शुभारंभ किया। यह केंद्र साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित समन्वय और धनराशि की रिकवरी की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएगा।

अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम, नियंत्रण और नई तकनीकी चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सीएफएमसी और विस्तारित साइबर कॉल सेंटर की स्थापना में डीजी साइबर क्राइम बी.के. सिंह तथा उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने साइबर मुख्यालय के अधिकारियों, भारतीय रिजर्व बैंक और विभिन्न बैंकिंग संस्थानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नई व्यवस्था प्रदेशवासियों को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
समारोह में बैंकिंग क्षेत्र और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक पंकज कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं एसएलबीसी संयोजक शैलेंद्र कुमार सिंह, डीजी रेलवे, डीजी ईओडब्ल्यू, लखनऊ पुलिस कमिश्नर, एडीजी कानून-व्यवस्था, पुलिस महानिदेशक के जीएसओ सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
साइबर अपराधों के विरुद्ध यह नई पहल उत्तर प्रदेश में डिजिटल सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


