वार्षिक प्रेस वार्ता में विकास कार्यों और जनसेवा के तीन वर्षों की उपलब्धियां की गईं साझा
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। नगर पालिका परिषद उन्नाव द्वारा आयोजित वार्षिक प्रेस वार्ता ‘तीन साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की तीन वर्षों की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और नगर के समग्र विकास से जुड़े कार्यों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा को सभासदों द्वारा सम्मानित किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा ने राष्ट्र के चौथे स्तंभ मीडिया का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद ने पिछले तीन वर्षों में स्वच्छता, पेयजल, सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और नगर को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बीते तीन वर्षों में नगर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों के सहयोग को दिया।
उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि नगर पालिका द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया गया है, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिला है। साथ ही आगामी वर्षों के लिए निर्धारित विकास योजनाओं, नगर के सुनियोजित विस्तार और नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

इस अवसर पर सभासदों ने अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा का सम्मान करते हुए उनके नेतृत्व में संचालित विकास कार्यों और जनसेवा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों ने मिलकर कार्य किया है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने सम्मान के लिए सभी सभासदों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान आपसी विश्वास, आत्मीयता और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित और नगर विकास के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयासों को और अधिक गति देने के संकल्प के साथ हुआ।


