
स्वच्छता, सुरक्षा और बंदियों के पुनर्वास कार्यक्रमों को बताया अनुकरणीय
- अमित तिवारी
सिद्धार्थनगर। उपमहानिरीक्षक कारागार शैलेश कुमार मैत्रेय ने बुधवार को जिला कारागार सिद्धार्थनगर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, बंदियों के आवास, चिकित्सीय सुविधाओं, भोजन व्यवस्था तथा सुधारात्मक एवं पुनर्वास कार्यक्रमों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के उपरांत उपमहानिरीक्षक कारागार ने जिला कारागार में उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि कारागार परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि बंदियों के कल्याण और उनके पुनर्वास के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जो सराहनीय हैं।

उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, पौष्टिक भोजन तथा विभिन्न पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की भी प्रशंसा की। साथ ही कारागार प्रशासन द्वारा संचालित सुधारात्मक कार्यक्रमों को बंदियों के व्यक्तित्व विकास और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापना के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उपमहानिरीक्षक ने कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक सचिन वर्मा, जेलर रामसिंह यादव, डिप्टी जेलर अजीत चंद, महेश सिंह सहित अन्य कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कारागार की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर उपमहानिरीक्षक कारागार ने प्रसन्नता व्यक्त की।


