
‘मैं झांसी वाली रानी हूँ…’ कार्यक्रम में नाट्य प्रस्तुति ‘बाई साब’ का हुआ मंचन, कलाकारों को किया सम्मानित
- नरेश राठौर
झांसी। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महानायिका एवं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर झांसी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में दैनिक जागरण एवं झांसी व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में “मैं झांसी वाली रानी हूँ…” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के जीवन, संघर्ष और शौर्य पर आधारित नाट्य प्रस्तुति “बाई साब” का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने नाट्य प्रस्तुति में भाग लेने वाले कलाकारों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

अपने संबोधन में प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय इतिहास की ऐसी वीरांगना हैं, जिनका त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई केवल झांसी की रानी नहीं थीं, बल्कि भारतीय नारी शक्ति, स्वाभिमान और अदम्य साहस की अमर प्रतीक हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी रानी लक्ष्मीबाई ने पराधीनता के सामने झुकने के बजाय संघर्ष का मार्ग चुना और अपने अद्वितीय पराक्रम से इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनका जीवन महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह संदेश देता है कि दृढ़ संकल्प के साथ नारी समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा शुक्ला ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके चरणों में श्रद्धा-सुमन समर्पित किए। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी संगठन के पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


