HomeUttar Pradeshसीए नीतू सिंह के सौजन्य से शहर के परीक्षा केंद्रों पर चला...

सीए नीतू सिंह के सौजन्य से शहर के परीक्षा केंद्रों पर चला सेवा अभियान, सैकड़ों स्वयंसेवकों ने निभाई भागीदारी

नीट परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों और अभिभावकों को मिला शीतल जल व शरबत का सहारा

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के दौरान भीषण गर्मी और तपते मौसम के बीच कानपुर महानगर में एक प्रेरणादायी सेवा अभियान देखने को मिला। परीक्षा देने पहुंचे हजारों परीक्षार्थियों, उनके अभिभावकों तथा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर निःशुल्क शरबत एवं शीतल जल वितरण की व्यवस्था की गई।

वीएसएसडी कॉलेज की सचिव, प्रख्यात समाजसेवी एवं यति संकल्प संस्थान की सचिव सीए नीतू सिंह के सौजन्य से संचालित इस सेवा अभियान ने न केवल लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई, बल्कि परोपकार और मानव सेवा की भावना को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

सीए नीतू सिंह ने कहा कि शरबत एवं शीतल जल वितरण का उद्देश्य केवल लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के सामने संवेदनशीलता, परोपकार और मानवता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी इन मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करती है तो समाज अधिक सहृदय, संवेदनशील और समरस बन सकेगा।

उन्होंने कहा कि सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा की भावना से प्रेरित ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। यति संकल्प संस्थान का यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया है।

वीएसएसडी के निदेशक डॉ. अंशू सिंह सेंगर के नेतृत्व में संपन्न हुए इस अभियान में यति संकल्प संस्थान से जुड़े सैकड़ों स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षार्थियों, अभिभावकों एवं सुरक्षाकर्मियों को शीतल जल एवं शरबत वितरित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments