संयुक्त निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) के दृष्टिगत जनपद उन्नाव में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद कर परीक्षार्थियों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।


