संस्थापक अंकिता अवस्थी ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान
शालिनी शर्मा
लखनऊ। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेजीडेंसी, लखनऊ में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में दानवीर फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष अंकिता अवस्थी के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भव्य योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग विशेषज्ञों ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
दानवीर फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष अंकिता अवस्थी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दानवीर फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष जय अवस्थी, मनोज सिंह, प्रीति यादव, अर्पिता, रोहित सिंह सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


