HomeNEWS31 जुलाई तक करें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन

31 जुलाई तक करें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन

5 से 16 वर्ष तक के प्रतिभाशाली बच्चों को मिलेगा सम्मान, डिप्लोमा इन गाइडेंस साइकोलॉजी के आवेदन भी 5 जुलाई तक

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2026 के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए पात्र बालक एवं बालिकाएं 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हों। यह पुरस्कार देश के प्रतिभाशाली एवं प्रेरणादायी बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।

जानकारी के अनुसार, आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या-6 में संचालित जिला प्रोबेशन कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।

बताया गया कि पुरस्कार के लिए 5 वर्ष से 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं पात्र होंगे। आयु की गणना 31 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। संबंधित विभाग ने अभिभावकों एवं विद्यालयों से अधिक से अधिक योग्य बच्चों के आवेदन कराने की अपील की है।

इधर, मनोविज्ञानशाला प्रयागराज द्वारा संचालित डिप्लोमा इन गाइडेंस साइकोलॉजी पाठ्यक्रम के लिए भी आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से आवेदन पत्र प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं।

पाठ्यक्रम के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। इस कोर्स में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का एमए अथवा एमएड द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दोनों योजनाओं एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी संबंधित कार्यालयों एवं निर्धारित माध्यमों से प्राप्त की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments