- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग तथा पारिवारिक संसाधन एवं प्रबंधन विभाग द्वारा राज्यपाल महोदया के निर्देशों के अनुपालन में आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की समय पर उपस्थिति, नियमित नामांकन तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करना था।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया तथा बच्चों की उपस्थिति, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का भी निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में डॉ. एकता शर्मा, डॉ. रश्मि सिंह एवं डॉ. अर्चना सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों से संवाद स्थापित कर बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा एवं संतुलित पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न पोषण मूल्यांकन उपकरणों की सहायता से बच्चों के पोषण स्तर का आकलन किया गया। साथ ही इन उपकरणों के उपयोग और महत्व की जानकारी अभिभावकों को भी दी गई, जिससे वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी कर सकें।
कार्यक्रम में डॉ. एकता शर्मा, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. रश्मि सिंह के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री शोभा रानी, सुनीता देवी एवं मनोरमा का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर बच्चों को मिठाई भी वितरित की गई, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री शोभा रानी ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों ने भी आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के प्रयासों से बच्चों के समग्र विकास एवं अभिभावकों की जागरूकता में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।


