HomeNEWSबड़े मंगल पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के छह सदस्यों ने किया...

बड़े मंगल पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के छह सदस्यों ने किया रक्तदान

मानव सेवा का दिया संदेश, युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील

  • निखिल गुप्ता

फतेहपुर। बड़े मंगल के पावन अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के छह सदस्यों ने मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता और सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं ने समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान करते हुए युवाओं को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।

रक्तदान करने वालों में गुरमीत सिंह ने 48वीं बार, दिग्विजय ने 20वीं बार, शुभम कुमार ने 9वीं बार, अमन चौरसिया और दिव्यांश पाण्डेय ने 8वीं बार रक्तदान किया। वहीं शिवम ने पहली बार रक्तदान कर समाजसेवा की दिशा में कदम बढ़ाया।

इस अवसर पर मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया और उनके मानवीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़े मंगल के पावन अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा किया गया रक्तदान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से 48 बार रक्तदान कर चुके गुरमीत सिंह और 20वीं बार रक्तदान करने वाले दिग्विजय को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

अमन यादव ने कहा कि सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन का यह सेवा भाव मानवता की सच्ची मिसाल है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उनकी रगों में दौड़ता रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। युवाओं को अपने भ्रम और भय को त्यागकर स्वैच्छिक रक्तदान को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन से शोभित सिंह एवं वर्तिका उपस्थित रहीं। वहीं मानस रक्तकेंद्र की ओर से प्रभारी अमन यादव, अनामिका पाल और विष्णु ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। बड़े मंगल के अवसर पर किया गया यह रक्तदान समाज में सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश देने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments