
आईडीए कानपुर शाखा के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया दंत परीक्षण
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर नगर के मीटिंग हॉल में सेनानायक श्री बी.बी. चौरसिया (आईपीएस) के कुशल निर्देशन एवं गरिमामयी उपस्थिति में वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए), कानपुर शाखा के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर का उद्देश्य पीएसी कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर अपने दांतों का परीक्षण कराया।


इस अवसर पर आईडीए कानपुर शाखा के डॉ. जगवीर सिंह सलूजा (अध्यक्ष), डॉ. सौरभ सिंह (मानद सचिव), डॉ. नीरज सोनी (प्रेसिडेंट इलेक्ट), डॉ. अनुज गुप्ता (कल्चरल सेक्रेटरी) एवं डॉ. पी.के. वर्मा (स्टेट प्रतिनिधि) सहित विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों की टीम ने प्रतिभागियों का निःशुल्क दंत परीक्षण किया तथा उन्हें दंत रोगों की रोकथाम एवं उपचार संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नियमित दंत जांच, उचित मौखिक स्वच्छता, संतुलित आहार तथा समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि दांतों और मसूड़ों की देखभाल स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर कर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इंडियन डेंटल एसोसिएशन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
शिविर के सफल आयोजन से अधिकारी एवं कर्मचारी काफी लाभान्वित हुए तथा उन्होंने इस पहल की सराहना की।


