HomeNEWS37वीं वाहिनी पीएसी में सैनिक सम्मेलन एवं जोनल गोष्ठी का आयोजन

37वीं वाहिनी पीएसी में सैनिक सम्मेलन एवं जोनल गोष्ठी का आयोजन

अनुशासन, उत्कृष्ट टर्न-आउट एवं सोशल मीडिया नीति के पालन पर दिया गया विशेष बल

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर नगर में दिनांक 22 जून 2026 को सेनानायक श्री बी.बी. चौरसिया (आईपीएस) की अध्यक्षता में वाहिनी के मनोरंजन कक्ष में सैनिक सम्मेलन एवं जोनल गोष्ठी का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वाहिनी के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सैनिक सम्मेलन के दौरान जवानों से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं कल्याणकारी विषयों पर चर्चा की गई तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया। सेनानायक श्री बी.बी. चौरसिया ने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उपसेनानायक श्रीमती तनु उपाध्याय (एडीएसपी) ने समस्त जवानों को उत्कृष्ट टर्न-आउट बनाए रखने, विभागीय अनुशासन का कड़ाई से पालन करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों एवं निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जवानों को विभागीय सोशल मीडिया पॉलिसी का पूर्णतः पालन करने, गोपनीय सूचनाओं को साझा न करने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के प्रति भी जागरूक किया।

अधिकारियों ने कहा कि अनुशासन, सजगता एवं पेशेवर कार्यशैली ही पीएसी की पहचान है और प्रत्येक जवान को अपने आचरण एवं कार्यशैली से संगठन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।

सम्मेलन के अंत में अधिकारियों ने जवानों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया तथा उन्हें पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments