
हनुमान मंदिर में की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की उठाई मांग
- अभिषेक कुमार
इटावा/सैफई। बड़े मंगल के पावन अवसर पर समाजवादी पार्टी की सांसद श्रीमती डिम्पल यादव ने सैफई स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। बजरंगबली के जयघोष और धार्मिक वातावरण से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। सांसद डिम्पल यादव ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सद्भाव एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

इस दौरान उन्होंने लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतक विद्यार्थियों और अन्य पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
डिम्पल यादव ने लखनऊ अग्निकांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित उपचार की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।


