जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर और निःशुल्क वर्कशॉप आयोजित करने का निर्णय, खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। जिला आर्चरी एसोसिएशन, कानपुर नगर की एक महत्वपूर्ण बैठक एसोसिएशन के सचिव राजा भरत अवस्थी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में तीरंदाजी खेल को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने, नए कोच एवं रेफरी तैयार करने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कानपुर नगर में तीरंदाजी खेल के प्रचार-प्रसार के लिए नियमित जिला स्तरीय रैंकिंग प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर एवं स्कूल स्तर पर निःशुल्क कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। जुलाई माह से विभिन्न विद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर एक दिवसीय निःशुल्क आर्चरी वर्कशॉप आयोजित करने की योजना बनाई गई है, जिससे अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को तीरंदाजी खेल से जोड़ा जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तर पर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंद खिलाड़ियों को उपकरण उपलब्ध कराने तथा विभिन्न क्लबों में आवश्यक आर्चरी उपकरणों की व्यवस्था के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
खिलाड़ियों के जिला पंजीकरण एवं सदस्यता प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने पर भी सहमति बनी। संगठन विस्तार के तहत सक्रिय सदस्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया।
इसी क्रम में श्री वैभव गौड़ को जिला आर्चरी एसोसिएशन, कानपुर नगर की ओर से प्रतियोगिताओं के आयोजन का दायित्व सौंपने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि अनुभवी एवं प्रशिक्षित कोचों के मार्गदर्शन में प्रोफेशनल ट्रेनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सके और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
पदाधिकारियों ने कहा कि कानपुर नगर में तीरंदाजी खेल की अपार संभावनाएं हैं। यदि खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण, पर्याप्त संसाधन और नियमित प्रतियोगिताओं का अवसर मिले तो जनपद के खिलाड़ी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
बैठक में राजा भरत अवस्थी, संदीप कुमार, मौसमी साहू, वैभव गौड़, धर्मेंद्र अवस्थी सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


