HomeNEWSग्रीन पार्क में सजेगा यूपी टी-20 का रोमांच, 14 अगस्त से शुरू...

ग्रीन पार्क में सजेगा यूपी टी-20 का रोमांच, 14 अगस्त से शुरू होगी लीग

दर्शकों के लिए विशेष पार्किंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। कानपुर का ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम इस वर्ष यूपी टी-20 लीग की मेजबानी करेगा। आगामी 14 अगस्त से शुरू होने वाली इस प्रतिष्ठित लीग के आयोजन को लेकर स्टेडियम में तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।

लीग को यादगार और सफल बनाने के लिए प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में लीग के चेयरमैन संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने ग्रीन पार्क स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था।

इस बार पहली बार दर्शकों की सुविधा के लिए रिजर्व पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके अलावा मैचों के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है, जिससे दर्शकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिल सके।

अधिकारियों के अनुसार दर्शकों के वाहनों की सुचारु पार्किंग के लिए दोहरी पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। यदि मैचों के दौरान दर्शकों की संख्या अधिक होती है तो अतिरिक्त रिजर्व पार्किंग का भी उपयोग किया जाएगा।

ग्रीन पार्क में यूपी टी-20 लीग के आयोजन को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि इस लीग से कानपुर को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट की बड़ी पहचान मिलेगी।

सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही तैयारियां इस बार ग्रीन पार्क में होने वाले यूपी टी-20 मुकाबलों को और अधिक रोमांचक एवं यादगार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments