HomeNEWS‘एक भी बच्चा छूटा, तो सुरक्षा चक्र टूटा’ : डीएम ने पल्स...

‘एक भी बच्चा छूटा, तो सुरक्षा चक्र टूटा’ : डीएम ने पल्स पोलियो अभियान की जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

28 जून को 2,069 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 9,585 टीमें घर-घर पहुंचेंगी

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। जनपद में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 5,12,184 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निर्धारित तिथियों पर नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश बूथ तक पहुंचना संभव न हो तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भी बच्चों को पोलियो रोधी दवा उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि “एक भी बच्चा छूटा, तो पल्स पोलियो का सुरक्षा चक्र टूट जाएगा।” इसलिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक दवा पहुंचाना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 2,069 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 29 जून से घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए 8,561 घर-घर टीमें, 672 ट्रांजिट टीमें तथा 350 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। इस प्रकार कुल 9,585 टीमें अभियान में भाग लेंगी, जबकि 12,642 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

अभियान की सफलता के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी एवं घुमंतू परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सर्वेक्षण के आधार पर अतिरिक्त टीमों की तैनाती की गई है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।

जागरूकता रैली में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सहित विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, जेएसआई, नेहरू युवा केंद्र संगठन, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments