HomeNEWSएडीजी जोन कानपुर ने एसएसपी इटावा को किया सम्मानित

एडीजी जोन कानपुर ने एसएसपी इटावा को किया सम्मानित

उत्कृष्ट अपराध अनावरण, त्वरित कार्रवाई और स्मार्ट पुलिसिंग के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

  • विवेक कुमार

इटावा। एडीजी जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद इटावा के भ्रमण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश श्रीवास्तव को उनके कुशल नेतृत्व में इटावा पुलिस द्वारा उत्कृष्ट अपराध अनावरण, त्वरित कार्रवाई एवं स्मार्ट पुलिसिंग के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में इटावा पुलिस ने आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए “यक्ष ऐप” के ब्रॉडकास्टिंग फीचर के माध्यम से मात्र 12 घंटे के भीतर लूट की एक घटना का सफल अनावरण कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया तथा लूटी गई धनराशि की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की। इसके अतिरिक्त, चार घंटे के भीतर टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए स्वर्णाभूषण भी बरामद किए गए।

इसी क्रम में इटावा पुलिस ने एक अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 15.10 लाख रुपये नकद, अवैध असलाह, कारतूस, एक स्कॉर्पियो वाहन तथा चोरी की गई डीसीएम के पुर्जे बरामद किए गए।

एडीजी जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने इटावा पुलिस की प्रभावी अपराध नियंत्रण प्रणाली, त्वरित अनावरण, तकनीक आधारित कार्यप्रणाली एवं जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए एसएसपी इटावा को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की जा सकती है।

यह सम्मान इटावा पुलिस की पेशेवर कार्यशैली, तकनीकी दक्षता और जनता की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments