
रिजर्व पुलिस लाइन, थाना सिविल लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- अभिषेक कुमार
इटावा। एडीजी जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद इटावा के भ्रमण के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन, थाना सिविल लाइन तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिजर्व पुलिस लाइन के निरीक्षण के दौरान एडीजी ने पुलिस भोजनालय, बैरकों एवं परिसर की साफ-सफाई, शस्त्रागार, म्यूजियम, आदेश कक्ष तथा पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, अनुशासन एवं पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद एडीजी ने थाना सिविल लाइन में नवनिर्मित सीसीटीएनएस कक्ष 2.0 का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए थाना कार्यालय, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने, थाना परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, सीसीटीएनएस प्रणाली का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा जनसुनवाई एवं पुलिस सेवाओं को संवेदनशील, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

इस दौरान एडीजी जोन कानपुर ने थाना क्षेत्र के चौकीदारों को छाता एवं साफा वितरित किया तथा उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर वाचक कार्यालय, प्रधान लिपिक शाखा, जनशिकायत प्रकोष्ठ सहित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, लंबित पत्रावलियों की स्थिति एवं कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी अभिलेख समयानुसार अद्यतन रखे जाएं तथा कार्यों का निष्पादन पूर्ण पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं दक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


