HomeNEWSविधायक सुरेंद्र मैथानी ने हैलट अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने हैलट अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

ओपीडी में लाइन में लगकर कराया नेत्र परीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हैलट अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही ओपीडी में आम मरीजों की तरह लाइन में लगकर वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी मोहन से अपनी आंखों का नियमित परीक्षण कराया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में तैनात सफाई कर्मियों, सुरक्षा गार्डों, वार्ड बॉय, भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों के व्यवहार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।

पत्रकारों से बातचीत में विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से हैलट अस्पताल में मरीजों का भरोसा बढ़ा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बेहतर उपचार के लिए यहां पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ना स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि हैलट अस्पताल में जल्द ही स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। ट्रॉमा सेंटर में 700 नए बेड तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए 100 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCB) बनाया जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य कानपुर को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनाना है। उन्होंने कैंसर, चेस्ट एवं कार्डियोलॉजी अस्पतालों में अत्याधुनिक उपकरणों और आवश्यक मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया।

इस अवसर पर विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से कानपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments