HomeNEWSसांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की

सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की

600 करोड़ रुपये की परियोजना का लिया जायजा, अतिक्रमण हटाने और कुलियों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने बुधवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचकर लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के बाद सांसद ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 से प्लेटफॉर्म संख्या-9 तक बने फुट ओवरब्रिज, स्टेशन परिसर तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर अतिक्रमण मिलने पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखा जाए।

सांसद ने घंटाघर की ओर निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का भी निरीक्षण किया तथा रेलवे के मुख्य टर्मिनल प्रबंधक (सीटीएम) आकांक्षु गोविल से परियोजना की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कानपुर सेंट्रल का पुनर्विकास एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप किया जा रहा है और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कुलियों ने सांसद को अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। समीक्षा बैठक में इस विषय पर भी चर्चा हुई, जिस पर सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे अधिकारियों को कुलियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सांसद ने विश्वास जताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन का पुनर्विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा होने के बाद यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments